नैनीताल, 18 मई । ललित मोहन रयाल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेते हुए लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण, सरकारी भूमि संरक्षण, स्वच्छता अभियान और अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ईंधन एवं तेल की बचत को ध्यान में रखते हुए आयोजित बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, कानून व्यवस्था, राजस्व एवं अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि पुराने राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को तहसीलों का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने और निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि के संरक्षण की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारियों की है। खनिज प्रभावित क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आईटीआर और जीएसटी संबंधी प्रशिक्षण और बालिकाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
नगर निकायों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगरीय एवं उप नगरीय क्षेत्रों में पूरे समय स्वच्छता अभियान चलाने, अधिक कूड़ा उत्पन्न करने वाले संस्थानों को चिन्हित कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने तथा मच्छरों के लार्वा नियंत्रण के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को अवैध शराब की तस्करी और कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सभी उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।