प्रधानमंत्री मोदी के ‘7 संकल्प’ देश के भविष्य को सुरक्षित रखने की ओर सार्थक कदम

Spread the love

नई दिल्ली, 19 मई । कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय व्यापारी नेता सम्मेलन 2026 के दूसरे दिन देशभर से आए व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिए गए “7 रणनीतिक कदमों” को भारत की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती की दिशा में दूरदर्शी एवं भविष्य उन्मुख पहल बताया।

भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की नेता स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 7 कदम केवल राष्ट्रीय सुरक्षा का रोडमैप नहीं, बल्कि भारत को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने का व्यापक दृष्टिकोण हैं। विकसित भारत के निर्माण में महिला सशक्तिकरण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ईरानी ने कहा कि व्यापार जगत को महिलाओं के नेतृत्व, उद्यमिता एवं आर्थिक गीदारी को और अधिक बढ़ावा देना चाहिए।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि आज का व्यापारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सातों संकल्प व्यापार जगत को आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय हितों के प्रति अधिक जागरूक एवं प्रतिबद्ध बनाएंगे। व्यापारिक समुदाय हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सरकार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

खंडेलवाल ने बताया कि सम्मेलन में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी के विजन की सराहना की गई तथा देश के व्यापारिक समुदाय के बीच इन सातों संकल्पों को व्यापक रूप से लागू करने का संकल्प लिया गया। व्यापारी नेता कहा कि “इंडिया फर्स्ट” का मंत्र आज देश के प्रत्येक व्यापारी का भी संकल्प बन चुका है। देश के 27 राज्यों से आए प्रमुख व्यापारिक नेता इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

सम्मेलन की अध्यक्षता कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने की। इस सम्मेलन में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक चुनौतियों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े बदलते परिदृश्य को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा घोषित सात कदम अत्यंत समयोचित एवं आवश्यक हैं।

व्यापारी नेताओं ने कहा कि इन कदमों का उद्देश्य भारत को आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर, रणनीतिक रूप से मजबूत, आपूर्ति श्रृंखला के स्तर पर सक्षम तथा किसी भी वैश्विक संकट अथवा आक्रमण की स्थिति में पूर्णतः तैयार बनाना है। प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार, उद्योग, उपभोक्ता और राष्ट्रहित के बीच संतुलन स्थापित करते हुए देश को दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में यह ऐतिहासिक पहल की है।

उल्लेखनीय है कि कल केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सम्मेलन में भाग लिया था तथा 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले “भारतीय व्यापार महोत्सव” 2026 के वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया था। यह महोत्सव आईटीपीओ एवं कैट द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।