भाजपा ने विधान परिषद चुनाव को लेकर बनाई रणनीति, बूथ स्तर पर जनसंपर्क तेज करने पर जोर

Spread the love

दरभंगा, 16 अक्टूबर । दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय, दरभंगा में क्षेत्रीय कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें दरभंगा पूर्वी, दरभंगा पश्चिमी, मधुबनी एवं झंझारपुर क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और मतदाताओं से संपर्क अभियान को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह बिहार प्रदेश सह-प्रभारी रोहन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने बूथ स्तर पर प्रभावी चुनाव प्रबंधन और मतदाताओं से सीधे संपर्क को महत्वपूर्ण बताया।

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सह बिहार प्रदेश सह-प्रभारी संगीता यादव ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को मतदाताओं तक पहुंचाने की बात कही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि दोनों प्रत्याशियों की जीत पार्टी का सामूहिक लक्ष्य है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील की।

बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी पवन जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री सह संभाग प्रभारी धनराज शर्मा ने किया। मौके पर सांसद गोपाल जी ठाकुर, अशोक यादव, बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा एवं रामचंद्र प्रसाद सहित विधायक, विधान पार्षद, जिलाध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।