जगदलपुर , 31 मई । केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 80वीं वाहिनी मुख्यालय जगदलपुर में गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व वाहिनी के कमाण्डेंट जितेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। इस दाैरान सीआरपीएफ के 80 वीं वाहिनी के अधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी, ओम कुमार गुप्ता, वेनु बावू, सहायक कमाण्डेन्ट, अधिनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने कार्यक्रम में उत्साह पूर्वक भाग लिये।इस अवसर पर वाहिनी कमाण्डेंट जितेन्द्र कुमार के द्वारा अपने सम्बोधन में उपस्थित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान तम्बाकू एवं उससे निर्मित उत्पादों के सेवन से मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के विषय में विस्तार से जानकारी दी। तम्बाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। आज आवश्यकता है कि हम सभी तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएं। उन्हाेने कहा कि सीआरपीएफ के प्रत्येक कार्मिक का स्वस्थ एवं फिट रहना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ बल ही राष्ट्र की सुरक्षा में प्रभावी योगदान दे सकता है। मैं सभी अधिकारियों एवं जवानों से आग्रह करता हूं कि वे स्वयं तम्बाकू से दूर रहें तथा अपने परिवार मित्रों एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।