भोपाल: पिता की फटकार के बाद किशोरी ने खाया सल्फास, इलाज के दाैरान माैत

Spread the love

भोपाल, 31 मई । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के गुनगा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय छात्रा की सल्फास खाने से माैत हाे गई।

परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात पिता ने उसे मोबाइल फोन चलाते देख लिया था और फटकारा था, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रविवार तड़के ईलाज के दाैरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक रतुआ क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। परिवार में उसकी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। किशोरी ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और आगे की पढ़ाई के लिए भानपुर स्थित एक निजी कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रही थी। परिजनों ने बताया कि शनिवार देर रात किशोरी काे उसके पिता ने उसे मोबाइल चलाते देख डांट दिया। इसके बाद वह नाराज होकर घर के बाथरूम में चली गई। कुछ समय बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने सल्फास खा लेने की बात बताई। इसके बाद परिवार के सदस्य उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण रविवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। पड़ोसियों और परिचितों के अनुसार किशोरी पढ़ाई में अच्छी थी और भविष्य को लेकर कई योजनाएं बना रही थी। उसकी असमय मौत से क्षेत्र में भी दुख और संवेदना का वातावरण है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। रविवार दाेपहर काे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।