औरैया, 16 जून । केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मंगलवार को विकास खंड अजीतमल परिसर में भव्य जन कल्याण मेले का आयोजन किया गया।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।
मेले में स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित कई अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे एवं सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। वही बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग इंचार्ज छाया देवी की ओर से गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा नन्हे बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहा।
विधायिक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि आज प्रदेश में मातृ शक्ति और नारी शक्ति के सम्मान एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज समाप्त हो चुका है और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़खानी या अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि “बुलडोजर बाबा” के नाम से प्रसिद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों को उनके कृत्यों की उचित सजा दिलाने का काम कर रहे हैं। विधायिका ने कहा कि योगी सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है।
मेले में नगर पंचायत अजीतमल के प्रतिनिधि अखिलेश चक, मोनू सेंगर मोनू सेंगर युवामोर्चा ज़िलाध्यक्ष, सोनू चौबे मंडल महामंत्री, मंडल अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह, अवनीश त्रिपाठी पूर्व जिला मंत्री भाजपा, लव तिवारी, देवेश शुक्ला, अनुज पांडेय, गोपाल गुर्जर, प्रीति अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।