पश्चिमी सिंहभूम, 18 जून । जिले के नोवामुंडी स्थित टाटा स्टील परिसर में कन्वेयर संचालन के लिए उपयोग किए जाने वाले तांबे के तार की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किया गया कुल 119 मीटर तांबे का तार बरामद किया है। सभी आरोपितों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामला 15 जून 2026 का है, जब टाटा स्टील नोवामुंडी के सुरक्षा प्रभारी ने नोवामुंडी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कंपनी परिसर में स्थापित कन्वेयर सिस्टम से अज्ञात लोगों ने लगभग 100 मीटर तांबे का तार चोरी कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपितों की पहचान की। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल टेम्पु मुंडा और उसके सहयोगियों ने तार को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में टेम्पु मुंडा, प्रेम गोप, अनि मुंडा, शिवा सरदार और अंकित करुवा शामिल हैं। सभी आरोपित नोवामुंडी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बस्तियों के निवासी हैं।
बरामदगी के दौरान पुलिस ने टेम्पु मुंडा के पास से 45 मीटर, प्रेम गोप के पास से 25 मीटर, अनि मुंडा के पास से 18 मीटर, शिवा सरदार के पास से 27 मीटर और अंकित करुवा के पास से 04 मीटर तांबे का तार बरामद किया। इस तरह कुल 119 मीटर चोरी का तार पुलिस ने जब्त किया है।
पूरे अभियान का नेतृत्व नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने किया।
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश सिंह, सहायक अवर निरीक्षक बिनोद कुमार सिंह तथा जैप-09 के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।