जौनपुर, 19 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित पूर्वांचल के प्रमुख आस्था केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही भक्तों की कतारें लग गईं। सुबह नौ बजे तक करीब सात हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के कपाट भोर चार बजे खुलने के बाद मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर के महंत विनय त्रिपाठी ने विधि-विधान से आरती-पूजन किया। ब्रह्म मुहूर्त से ही दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर दुर्गा सप्तशती के पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और माता के जयकारों से गूंज उठा। घंटों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर माता को प्रसाद अर्पित किया। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे भक्तों ने मुंडन संस्कार और कढ़ाही पूजन सहित धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद माता के चरणों में शीश झुकाकर सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
मान्यता है कि मां कालरात्रि अपने भक्तों के भय और संकट दूर कर उन्हें अभय प्रदान करती हैं। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे और दर्शन-पूजन किया।