भोपाल, 17 अक्टूबर । मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का सिलसिला जारी है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। आज शनिवार को ग्वालियर, उज्जैन समेत 21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, झाबुआ, धार, आलीराजपुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। ग्वालियर और चंबल संभाग के साथ उज्जैन, सागर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभाग के जिलों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 और 19 अक्टूबर को नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली, सिवनी और बालाघाट में बारिश होने की संभावना है। 20 अक्टूबर से मौसम प्रणालियां कमजोर पड़ने लगेंगी। इसके बाद प्रदेश में तेज बारिश की संभावना कम हो जाएगी।
इससे पहले गुरुवार को चंबल और उज्जैन संभाग के श्योपुर, भिंड, मुरैना, नीमच और मंदसौर में बारिश दर्ज की गई थी। शुक्रवार को भी इन क्षेत्रों में मौसम का असर बना रहा। मानसून की विदाई के बावजूद सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। बारिश के बीच प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। छिंदवाड़ा में 17.4 डिग्री, इंदौर में 17.6 डिग्री, कटनी के करौंदी में 18 डिग्री और बैतूल में 18.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड तीनों तरह की मौसमी परिस्थितियां देखने को मिलती हैं। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है। महीने की शुरुआत में मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद रात में ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि कई जिलों में बारिश भी जारी है।