धर्मशाला, 18 जून । नगर निगम धर्मशाला के नवनिर्वाचित पार्षदों की शपथ में हो रही देरी के विरोध में भाजपा समर्थित पार्षदों ने वीरवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री और आयुक्त के पुतले फूंके। गौरतलब है कि नगर निगम के चुनाव बीते 17 मई को हुए और परिणाम 31 मई को घोषित हुआ लेकिन नवनिर्वाचित पार्षदों की शपथ अब तक नहीं हो पाई है। शपथ में देरी से नाराज भाजपा समर्थित पार्षदों ने वीरवार को स्मृद्धि भवन के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री और निगम आयुक्त के पुतले जलाए गए। पुलिस बल तैनात था, लेकिन प्रदर्शनकारियों को रोक नहीं सका। बाद में पुलिस ने जलते पुतलों को हटवाया।
भाजपा पार्षदों का कहना है कि शपथ न होने से वार्ड की समस्याएं हल नहीं हो पा रही हैं और जनता को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं का श्रेय ले रही है और नगर निगम में राजनीतिक दबाव से काम हो रहा है।
कोतवाली बाजार के फव्वारा चौक पुनर्विकास कार्य का जिक्र करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि विधायक निधि से कराए गए कार्य का उद्घाटन मुख्यमंत्री के नाम की पट्टिका लगाकर किया गया, जो गलत परंपरा है।
प्रदर्शन में भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष भवनेश चौधरी, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु सहित पार्षद व कार्यकर्ता मौजूद थे।