देहरादून में हुई बारिश, उमस भरी गर्मी से मिली राहत

Spread the love

देहरादून, 29 जून । देहरादून में सोमवार को हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर में जिले के कई हिस्सों में हल्की वर्षा हुई,जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया।

मौसम में आए बदलाव से दिन के तापमान में कमी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

जिला प्रशासन की ओर से जारी मौसम अपडेट के अनुसार, सदर और डोईवाला तहसीलों में हल्की बारिश हुई। मसूरी उपतहसील और चकराता क्षेत्र में दिनभर गहरे बादल छाए रहे, जिससे आगे भी वर्षा की संभावना बनी हुई है। वहीं ऋषिकेश, विकासनगर, कालसी और त्यूनी तहसीलों में हल्के बादलों के बीच धूप निकलती रही। इन क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहा और कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही देखने को मिली।

प्रशासन के अनुसार जिले की सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट में स्थिति सामान्य है और कहीं से भी भूस्खलन, जलभराव अथवा अन्य किसी आपदा संबंधी घटना की सूचना नहीं मिली है। संबंधित विभागों को मौसम पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।