आगरमालवाः नकली नोट, प्रिंटर मशीन समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

आगरमालवा, 03 जुलाई । मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले की नलखेड़ा पुलिस ने गुरुवार की रात बस स्टैंड स्थित एक कृषि सेवा केंद्र की दुकान पर से 500-500 रुपये के कुल 115 नकली नोट जब्त किए, जिनकी कीमत 57,500 रुपये है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नलखेड़ा पुलिस थाना प्रभारी नागेश यादव ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कस्बा भ्रमण के दौरान बस स्टैंड चैराहे पर एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंवार कृषि सेवा केंद्र में दो युवक रंगीन प्रिंटर की मदद से 500 रुपये के नकली नोट तैयार कर रहे हैं और उन्हें एक काले बैग में रखकर किसी को देने की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और आवश्यक अनुसंधान सामग्री बुलाकर पंचों की उपस्थिति में मुखबिर सूचना का पंचनामा तैयार करने के बाद पुलिस टीम ने कृषि सेवा केंद्र पर दबिश दी।

दुकान में मौजूद युवकों की पहचान ग्राम पिपल्यासेत निवासी नरेंद्रसिंह (23) और नलखेड़ा निवासी शुभम सोलंकी (27) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान, नरेंद्र के काले बैग से 500-500 रुपए के 115 नकली नोट बरामद हुए। जांच में पाया गया कि कई नोटों पर एक ही सीरियल नंबर था, जिससे उनके नकली होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कैनन रंगीन प्रिंटर से असली नोटों की रंगीन कॉपी बनाते थे और फिर पेपर कटर से काटकर नकली नोट तैयार करते थे।

पुलिस ने मौके से कैनन कंपनी का रंगीन प्रिंटर, पेपर कटर और दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त कर विधिवत सीलबंद कर आरोपियों कर धारा 178 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।