जोधपुर, 03 जुलाई । शहर के एक बैटरी कारोबारी को किसी शातिर ने फर्जी नाम से कॉल कर बैटरियां मंगा ली। बैटरियां सिणधरी बाड़मेर भेजी गई। मगर बाद में पता लगा कि कॉल करने वाला फर्जी था और वह किसी अन्य नाम से पहचाना जाता है। पीडि़त ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराया है।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी कपिल पटवा पुत्र गोवर्धनमल पटवा ने मामला दर्ज कराया है। इसमें बताया कि उसकी एक फर्म विक्टोरिया पैलेस के पास शोभावतों की ढाणी में है। वह बैटरी का काम करता है। 17 जून को संजय जैन के नाम से व्यक्ति का फोन आया था जिसे अपना परिचय दिया और बाड़मेर निवासी बताया, उसने एक बैटरी का आर्डर दिया तो मैंने पेमेंट के लिए स्कैनर उसके व्हाट्सएप पर भेजा। उसने मुझे पेमेंट की रसीद भेजी, उस समय बैंक अकाउंट में समस्या होने के कारण मैं अपना खाता चेक नहीं कर पाया।
इस पर विश्वास कर लिया कि पैसा खाते में आ गया है। इस कारण बैटरी बस में रखवा दी और वहां से उसने (संजय जैन) ने किसी टैक्सी वाले से संपर्क कर सिणधरी चौराहा बाड़मेर के पास बैटरी प्राप्त कर ली। इसी तरह यह सिलसिला चलता रहा। विश्वास के आधार पर छह बैटरियां उसे भेज दी गई। 21 जून को खाता सही होने पर मैंने मेरे मोबाइल में चेक किया तो संजय जैन के मोबाइल से मेरे खाते में एक भी रुपए नहीं आने का पता लगा। वह खाता चैक कर बताने की बात करने लगा। वाटसअप चैट भी तकरीबन साफ हो गयी थी। दोनों के बीच व्हाट्सएप चैट मैसेज स्लिप को डिलीट कर दिया था। दो स्लिप पुरानी होने के कारण मेरे व्हाट्सएप चैट पर रह गई और उसके बाद हम दोनों की आपस में बात होती रही व व्हाट्सएप पर भी चैटिंग होती रही उसके बाद रुपए देने में आनाकानी करने लग गया। बाद में अपने स्तर पर पता किया तो मालूम हुआ कि वह शख्स संजय जैन नहीं है और वह बाड़मेर का विनोद सिंघवी है। पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत अब जांच आरंभ की है।