नौकुचियाताल पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोश, इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Spread the love

नैनीताल, 03 जुलाई । जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नौकुचियाताल के नाम पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। एक वायरल वीडियो में दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा नौकुचियाताल के नाम का अशोभनीय संदर्भ में प्रयोग किए जाने पर भाजपा नेता ने पुलिस को तहरीर देकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम पर प्रसारित एक वीडियो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अजिताभ सिंह और कौशिक सचदेव के बीच बातचीत के दौरान नौकुचियाताल के नाम को विकृत कर अश्लील संदर्भ में प्रस्तुत किया गया। वीडियो में मौजूद अन्य प्रतिभागी भी इस पर हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक गरिमा, पर्यटन पहचान और जनभावनाओं का अपमान बताया है।

मामले में भाजपा के जिला मंत्री एवं व्यापारी नेता प्रकाश भट्ट ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर संबंधित इन्फ्लुएंसर्स के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जैसे प्रभावशाली मंच पर किसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले पर्यटन स्थल के नाम का अशोभनीय प्रयोग स्थानीय लोगों की भावनाओं को आहत करने के साथ ही क्षेत्र की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों से सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड और नौकुचियाताल के लोगों से क्षमा याचना कराने की भी मांग की है।

उल्लेखनीय है कि नौकुचियाताल अपनी नौ कोनों वाली झील, प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के बीच विशेष पहचान रखता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के नाम का उपहास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की समीक्षा की जा रही है तथा जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।