भू-माफियाओं पर हो सख्त कार्रवाई : उपायुक्त

Spread the love

खूंटी , 04 जुलाई । उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने जिले के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि भू माफियाओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।उपायुक्त शनिवार को कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक कि अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भूमि संबंधी मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन का निर्देश देते हुए कहा कि जमीन की रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज की प्रक्रिया ग्राम सभा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सत्यापन तथा सभी विधिक प्रावधानों का पालन करने के बाद ही पूरी की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों को प्रारंभिक स्तर पर ही चिन्हित कर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 110, 126 सहित अन्य प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने तथा जरूरत पड़ने पर धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने सरकारी एवं वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने, प्रत्येक माह अंचल-थाना दिवस आयोजित कर स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने तथा शॉपिंग मॉल, पेट्रोल पंप और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया।