बलरामपुर : रोजगार दिवस में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी

Spread the love

बलरामपुर, 08 जुलाई । जनपद पंचायत शंकरगढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आज बुधवार को रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विकसित भारत-जी-रामजी (वीबी-जी-रामजी) अभियान के तहत ग्रामीण युवाओं, रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों और जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार, स्वरोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि वीबी-जी-रामजी के तहत पात्र जॉब कार्डधारियों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जा रही है। इसके अलावा प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी, समय पर रोजगार नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता तथा मजदूरी भुगतान में देरी होने पर मुआवजा देने के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही श्रमिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़ने और अधिक से अधिक संख्या में बीमा कराने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वीबी-जी-रामजी के तहत जल संरक्षण, जल संवर्धन, आधारभूत संरचना विकास, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

रोजगार दिवस के दौरान विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने, गांव की आवश्यकताओं के अनुसार प्राथमिकताएं तय करने और विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। साथ ही बारिश के मौसम में श्रमिकों को उपलब्ध कराए जाने वाले रोजगार के अवसरों पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई।