नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म व वीडियो वायरल मामले में तीन गिरफ्तार

Spread the love

सीवान, 09 जुलाई । जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने एवं सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी पूरन कुमार झा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। कांड में महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिससे स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपितों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

एसपी ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को महिला थाना में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था। इसमें पीड़िता ने आरोप लगाया कि 28 जून की सुबह करीब तीन बजे नित्यकर्म के लिए घर से बाहर जाने के दौरान तीन युवकों ने पूर्व नियोजित तरीके से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।

उन्होंने बताया कि मामले में महिला थाना में सुसंगत धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार, महिला थानाध्यक्ष सुमन कुमारी तथा जिला आसूचना इकाई के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।

एसपी के अनुसार, गठित टीम ने लगातार छापेमारी कर बसंतपुर थाना क्षेत्र के सानी बगाही निवासी संदीप कुमार, महाराजगंज थाना क्षेत्र के पटेढ़ी निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ राय जी तथा बसंतपुर थाना क्षेत्र के सानी बगाही निवासी टुनटुन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त संदीप कुमार के विरुद्ध पूर्व से बसंतपुर थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि टुनटुन कुमार पर भी बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत पूर्व में मामला दर्ज हो चुका है।एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि मामले में उपलब्ध सभी डिजिटल, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है। वीडियो को अपने पास रखने या उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी अलग से प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य मजबूत साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाना है।