रांची, 12 जुलाई । रांची स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में रविवार को कला प्रदर्शनी ‘विहंगम-2026’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने शिक्षा, अध्यात्म, साहित्य, संगीत, स्वास्थ्य तथा दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित रचनात्मक और आकर्षक कलाकृतियों का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और नवाचार ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। पारंपरिक एवं लोकनृत्यों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष बल देती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, कौशल और व्यावहारिक ज्ञान का विकास भी उतना ही आवश्यक है।
प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करती हैं। साथ ही उन्हें कौशल विकास, रचनात्मक सोच और भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर भी मिलता है।
प्रदर्शनी में मुख्य रूप से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल, कलाकृतियां और रचनात्मक परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।———–