नैनीताल, 04 अगस्त । नगर के वीर भट्टी स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुर्गापुर तल्लीताल में मंगलवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के ‘माय भारत’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के लगभग 10 विद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या, भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, मुख्य वक्ता एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के यूथ आइकॉन सोमेश शर्मा, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व मंडल समन्वयक डॉ. ललित पांडे तथा जिला समन्वयक प्रो. जगमोहन नेगी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस इकाई प्रभारी रजत कुमार सिंह ने किया।
मुख्य वक्ता सोमेश शर्मा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक युवा का व्यक्तिगत संकल्प होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, कौशल और नवाचार को राष्ट्र निर्माण में लगाने तथा ‘माय भारत’ मंच के माध्यम से विभिन्न जनभागीदारी अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
विधायक आर्या ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि आज का युवा राष्ट्र के भविष्य को लेकर सजग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रप्रेम के मार्ग पर चलने का आह्वान किया तथा आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
अध्यक्षीय संबोधन में ब्लॉक प्रमुख डॉ. बिष्ट ने कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी देश को नई दिशा दे सकती है। डॉ. ललित पांडे और प्रो. जगमोहन नेगी ने राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका और समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में एनएसएस प्रभारी रजत कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उमेश, दिव्यम, माधव, लक्ष्मी नारायण, सौरभ सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।