औरैया, 07 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना विकास खंड के ग्राम जरावन में भारी बारिश के बाद जल निकासी की व्यवस्था ठप होने से करीब 50 बीघा में खड़ी धान की फसल पानी में डूब गई। इससे किसानों के सामने फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने नाले की समय पर सफाई न होने को जलभराव का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बिहारीपुर से निकले नाले की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है। बुधवार की बारिश के बाद गुरुवार को जलस्तर बढ़ने से बारिश का पानी खेतों से बाहर नहीं निकल सका और बड़ी संख्या में खेत जलमग्न हो गए। किसानों का कहना है कि समय रहते नाले की सफाई करा दी जाती तो फसल को नुकसान नहीं होता।
किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज और अपनी जमा-पूंजी से धान की खेती की है। लगातार खेतों में पानी भरे रहने से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
प्रभावित किसानों में संजीव सविता, प्रवीण कुमार, कृपाशंकर, राधेश्याम, वीरेंद्र कुमार, नरवीर, उदयनारायण, नरेश, पिंकू, दरोगा, इलाकेदार, जिलेदार, लल्ला, महेश, राजेंद्र, जोगेंद्र, इंद्रपाल, धीरज, बदन और सत्यम सहित कई किसान शामिल हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों से तत्काल पानी निकलवाया जाए, बिहारीपुर नाले की सफाई कराई जाए तथा प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो धान की पूरी
फसल नष्ट हो सकती है।