देशभर के 500 खिलाड़ी जोधपुर में खेलेंगे साइकिल पोलो

Spread the love

जोधपुर, 08 अक्टूबर । जोधपुर में 15 से 18 नवम्बर तक राष्ट्रीय साइकिल पोलो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के 20 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से करीब 500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, प्रबंधक एवं खेल अधिकारी भाग लेंगे। शिवराज सिंह के निर्देशन में आयोजित होने वाला यह आयोजन देश के सबसे बड़े साइकिल पोलो खेल आयोजनों में शामिल होगा। प्रतियोगिता में विश्व विजेता भारतीय पुरुष खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शिवराज सिंह के निर्देशन में विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें राज मारवाड़ खेल महोत्सव के पदाधिकारियों ने भाग लिया और आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। राज मारवाड़ खेल महोत्सव के मानद उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, प्रबंधकों एवं खेल अधिकारियों के ठहरने तथा भोजन की व्यवस्था राज मारवाड़ खेल महोत्सव की ओर से की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में करीब दोगुने खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। यह भारत का सबसे बड़ा वार्षिक साइकिल पोलो आयोजन है और इस वर्ष इसकी मेजबानी जोधपुर को मिली है। मुख्य सचिव मनोज मालानी ने बताया कि करीब 15 वर्षों बाद जोधपुर के पोलो खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइकिल पोलो मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के राष्ट्रीय विजेताओं को पूर्व नरेश गजसिंह की ओर से रनिंग ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं शिवराज सिंह की ओर से सभी वर्गों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को पदक प्रदान किए जाएंगे। मालानी ने बताया कि राजस्थान साइकिल पोलो टीम भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। टीम की तैयारियों के लिए फ्लाइट लेफ्टिनेंट मदन लाल नायक के सानिध्य में अगले माह से प्रशिक्षण शिविर शुरू किया जाएगा।