हल्द्वानी की रेणु का नाम बाल‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हुआ

Spread the love

नैनीताल, 08 अगस्त । उत्तराखंड के नैनीताल जनपद हल्द्वानी की रहने वाली रेणु धरियाल नाम की एक महिला ने अपने असाधारण लंबे बालों के कारण ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में नाम दर्ज कराया है। उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 10 इंच बताई गई है। यह लंबाई दुनिया के अब तक के सबसे लंबे व्यक्ति रॉबर्ट वाडलो की 272 सेंटीमीटर लंबाई से भी केवल आधा सेंटीमीटर कम है। बताया गया है कि रेणु ने इस उपलब्धि में यूक्रेन की आलिया नासिरोवा को पीछे छोड़ा है, जिनके बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर बताई गई थी।

रेणु धरियाल गृहणी होने के साथ यूट्यूबर भी हैं और हल्द्वानी में अपने पति तथा बच्चों के साथ रहती हैं। वह महिलाओं को सौंदर्य संबंधी सुझाव भी देती हैं। रेणु के अनुसार उन्होंने वर्ष 2015 के बाद से बाल नहीं कटवाए हैं। वह बालों की देखभाल में रासायनिक उत्पादों से दूरी रखती हैं और उन्हें धोने तथा सुलझाने में कई घंटे लगाती हैं। अपने यूट्यूब माध्यम से वह घरेलू, रसायन-मुक्त बालों के तेल और शैंपू बनाने के तरीके भी साझा करती हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सामान्य व्यक्ति के बालों की लंबाई सीमित रहने का कारण बालों का अपना जीवन-चक्र है। बाल सामान्यतः दो से छह वर्ष तक बढ़ते हैं और इस अवधि में प्रतिवर्ष औसतन छह इंच तक बढ़ सकते हैं। इसके बाद वृद्धि रुकने, विश्राम और अंततः बाल झड़ने की प्रक्रिया होती है। हालांकि कुछ लोगों में आनुवंशिक कारणों से बालों की वृद्धि अवधि असाधारण रूप से लंबी हो सकती है।

रेणु ने अपनी उपलब्धि के पीछे भारतीय संस्कृति में लंबे बालों को सुंदरता और परंपरा से जुड़े होने की मान्यता को भी प्रेरणा बताया है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से अपने बाल बढ़ा रही हैं और उनकी देखभाल पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से करती हैं।