कोरबा नगर निगम की एमआईसी बैठक में 22.42 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी

Spread the love

कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक सोमवार को महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, निर्माण, पेयजल व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद 22 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक के कार्यों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इस दौरान महापौर ने निगम के विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में वार्डों में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, जल निकासी, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सीसी रोड और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई। स्वीकृत प्रस्तावों में वार्ड क्रमांक 52 अयोध्यापुरी में 500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, बाउंड्रीवाल और स्विच रूम का निर्माण शामिल है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, बाउंड्रीवाल और स्विच रूम के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई।

वार्ड क्रमांक 45 प्रगतिनगर में 500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, बाउंड्रीवाल और स्विच रूम के निर्माण का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 36 कोसाबाड़ी में रजगामार मुख्य मार्ग से रामपुर हाउसिंग बोर्ड तक स्ट्रॉम वाटर ड्रेन और नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 37 रामपुर में वाइन शॉप से ढेगुरनाला तक आरसीसी नाला निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 20 में साकेत भवन से चिकन दुकान तक स्ट्रॉम वाटर ड्रेन निर्माण को मंजूरी मिली।

वार्ड क्रमांक 14 के मुड़ापार मार्ग में रॉयल एनफील्ड शोरूम से पेट्रोल पंप तक आरसीसी नाला और सीसी सड़क निर्माण का कार्य भी स्वीकृत किया गया। बरबसपुर स्थित सीबीजी प्लांट क्षेत्र में सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, बॉक्स कलवर्ट, पिंचिंग कार्य और बोरवेल निर्माण के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए पंप हाउस और जल वितरण पाइपलाइन के रखरखाव हेतु श्रमिक उपलब्ध कराने, तीन ड्राय एंड वेस्ट केमिकल माउंटेड मशीनों की आपूर्ति, पीएंडएफ हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट कार्य तथा निगम की जलापूर्ति परियोजनाओं के डब्ल्यूटीपी और एसटीपी के संचालन एवं संधारण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

इसके अलावा 14वें वित्त आयोग के ब्याज की राशि और 15वें वित्त आयोग के ब्याज की राशि के अंतर्गत तैयार कार्ययोजना, आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने तथा पैनल लॉयर की नियुक्ति से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी एमआईसी ने सहमति प्रदान की।

बैठक में महापौर संजूदेवी राजपूत ने निगम के विकास एवं निर्माण कार्यों की जोनवार और वार्डवार समीक्षा की। उन्होंने प्रगतिरत निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें शीघ्र शुरू कराने तथा प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, फिरतराम साहू, अजय गोंड़, अजयकुमार चंद्रा, उर्वशी राठौर, धनकुमारी गर्ग, सरोज शांडिल्य, ममता यादव सहित अपर आयुक्त विनय मिश्रा एवं पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, लेखाधिकारी भवकांत नायक, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, जोन कमिश्नर एनके नाथ, अखिलेश शुक्ला, तपन तिवारी, लीलाधर पटेल, रूचि साहू, सुनील टांडे, सहायक राजस्व अधिकारी सचिन तिवारी, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, आकाश अग्रवाल, अरविंद सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।