भाजपाइयों ने निकाली तिरंगा यात्रा, सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

Spread the love

बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल फफूंद की ओर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष कुलदीप दुबे एवं मंडल प्रभारी इंद्रपाल सिंह पाल के नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ एक गेस्ट हाउस से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ कस्बे में भ्रमण किया।

यात्रा रामलीला मैदान होते हुए अछल्दा चौराहा पहुंची। यहां नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और पूर्व सैनिक भी तिरंगा लेकर शामिल हुए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा वापस महेश्वरी गेस्ट हाउस पहुंचकर संपन्न हुई।

मुख्य अतिथि पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कड़ी धूप के बावजूद यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों और आमजन का आभार जताया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के बलिदान को नमन किया।

इस दौरान जिला महामंत्री मनु राजपूत, प्रेम कुमार गुप्ता, आदित्य दुबे, योगेश त्रिपाठी, प्रमोद नारायण तिवारी, गोविंद मिश्रा, शैलेंद्र कुशवाहा, मानवेंद्र पोरवाल, सुधांशु अग्निहोत्री, अनुराग पाठक, मुहर सिंह नायक, अन्ना तिवारी, विकास राजपूत और कंचन श्रीवास्तव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।