वाराणसी, 12 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर-घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान में बुधवार को 95वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के साथ अफसरों ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी की। पहड़िया स्थित बटालियन मुख्यालय से जवानों और अफसरों ने तिरंगा बाइक रैली निकाली। इसमें अफसरों के साथ स्कूली छात्रों और आमजन ने भी भागीदारी की।
बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर एस.बालापुरकर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के समापन तक बटालियन के 150 से अधिक अफसरों के साथ जवान इसमें शािमल रहे। रैली पहड़िया मंडी तिराहे से होते हुए सारनाथ म्यूजियम गई। सारनाथ म्यूजियम के पास सभी ने सामूहिक रूप से वंदेमातरम गीत का गायन किया। इसके बाद बटालियन की ओर से स्थानीय लोगों में तिरंगा वितरित किया गया। इसके बाद आशापुर चौराहे से जवान और अफसर वापस बटालियन मुख्यालय आए। रैली में बटालियन कमांडेंट राजेश्वर एस.बालापुरकर, द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार, आलोक कुमार, उप कमांडेंट नवनीत कुमार, वीरेंद्र सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ.रवि प्रकाश,सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार आदि भी शामिल हुए। इसी क्रम में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन से तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कुलपति प्रो.बिहारी लाल शर्मा,विश्वविद्यालय परिवार के प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो.सुधाकर मिश्र, प्रो. हीरक कान्ति चक्रवर्ती, प्रो. विधु द्विवेदी, प्रो. शैलेष कुमार मिश्र, प्रो. महेन्द्र पाण्डेय, प्रो. अमित कुमार शुक्ल आदि के साथ एनसीसी के कैडेट, छात्र, विश्वविद्यालय के कर्मचारी भी शामिल रहे। ऐतिहासिक मुख्य भवन से रैली जगतगंज से होते हुए लहुराबीर चौराहे पर पहुंची। यहां अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत माता की जय उद्घोष के साथ यह यात्रा विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य भवन के समक्ष पहुंच कर संपन्न हुई।