नई दिल्ली, 16 अगस्त । भलस्वा डेयरी इलाके में पत्नी उजमा की हत्या के मामले में दो माह से फरार चल रहे आरोपित को रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान भलस्वा डेयरी झुग्गी निवासी शरवर अली उर्फ राजू अली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। हत्या के बाद से आरोपित गिरफ्तारी से बच रहा था और उसे भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई भी चल रही थी।
पुलिस के अनुसार, छह जून को भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में उजमा की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना भलस्वा डेयरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 307/2026 दर्ज की गई थी। मामले में शरवर अली को वांछित किया गया था। वारदात के बाद से वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था।
पुलिस अधिकारी के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपित केएन काटजू मार्ग थाना क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद इंस्पेक्टर अमित दहिया के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपित के पास से एक अवैध देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार बरामद होने के बाद केएन काटजू मार्ग थाने में 14 अगस्त को आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामद होने के बाद पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच की गई तो सामने आया कि शरवर अली अपनी पत्नी की हत्या के मामले में वांछित है। पुलिस उसके खिलाफ भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुकी थी। आरोपित की गिरफ्तारी की सूचना भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को दे दी गई है। अब पुलिस आरोपित को हत्या के मामले में रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। हत्या के पीछे की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और फरारी के दौरान उसके ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फरारी के दौरान किसी अन्य व्यक्ति ने उसे छिपने या पुलिस से बचने में मदद तो नहीं की।