खूंटी, 18 अगस्त । खूंटी समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) समेत विभिन्न विभागों की सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई।
इस दौरान लंबित भू-अर्जन, भूमि हस्तांतरण और रैयतों को मुआवजा भुगतान की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा पात्र रैयतों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिन रैयतों का मुआवजा भुगतान लंबित है, उनसे आवश्यक दस्तावेज समय पर प्राप्त किए जाएं। जरूरत के अनुसार विशेष शिविर आयोजित कर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि रैयतों को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने अपर समाहर्ता, डीसीएलआर, सभी अंचल अधिकारियों और संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों को भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों को लंबित नहीं रखने तथा सभी प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, डीसीएलआर, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, सभी अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
————