एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर मुठभेड़ में घायल दोनों अपराधियों का जाना हाल

Spread the love

धनबाद, 18 अगस्त । धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचे। उन्होंने मुठभेड़ में घायल होकर अस्पताल में इलाजरत अपराधी इरफान आलम और नन्हे अंसारी का हाल जाना। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है और दोनों का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के एक जमीन कारोबारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आरोप है कि प्रिंस खान और गोपी खान के इशारे पर इरफान आलम और नन्हे अंसारी रंगदारी की रकम लेने पहुंचे थे।

पुलिस के मुताबिक, निरंकारी चौक से कुर्मीडीह के बीच पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इसी अपराधियों ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में वाहन चालक को निशाना बनाया गया था। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य अपराधी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, इरफान आलम का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि नन्हे अंसारी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। दोनों घायल अपराधियों का एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए रांची से एफएसएल की टीम धनबाद पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अपराधियों की बाइक, एक पिस्टल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामान को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान रंगदारी की मांग के पीछे शामिल लोगों, फरार अपराधी की भूमिका और कथित आपराधिक गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी ने बताया कि मामले में आपराधिक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल से बरामद हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।

———