भोपाल में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी, बच्चों संग पार्क में गुजारी रात

Spread the love

भोपाल, 22 अगस्त । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में वर्ग-2 माध्यमिक और वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती-2025 में पदवृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुआ अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों में कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ आंदोलन में शामिल हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने शुक्रवार रात पार्क में ही गुजारी। सीमित सुविधाओं और मच्छरों के बीच भी अभ्यर्थी अपनी मांग पर डटे हुए हैं।

आंदोलन में शामिल अभ्यर्थी भर्ती में रिक्त पदों को शामिल कर पद बढ़ाने और बढ़े हुए पदों के आधार पर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से तैयारी करने के बावजूद पर्याप्त पद नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी चयन से वंचित रह गए हैं।

इंदौर की शिक्षक अभ्यर्थी दीप्ति सिंह ठाकुर अपनी 5 और 8 साल की बेटियों के साथ नीलम पार्क पहुंची हैं। उनका कहना है कि पदवृद्धि की मांग को लेकर यह उनका 13वां आंदोलन है। उन्होंने शुक्रवार रात अपनी दोनों बेटियों के साथ धरना स्थल पर ही रात गुजारी। दीप्ति के मुताबिक धरना स्थल पर मच्छरों के अलावा पानी और वॉशरूम जैसी सुविधाओं की भी परेशानी है। इसके बावजूद वर्षों की तैयारी के बाद शिक्षक भर्ती में अपने अधिकार की मांग को लेकर वह आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगी।

एक साल के बेटे को साथ लाई सरोज

अभ्यर्थी सरोज कुशवाहा अपने एक साल के बेटे माधव को लेकर धरने में शामिल हुई हैं, जबकि अपने बड़े बच्चे को उन्होंने रिश्तेदार के यहां छोड़ा है। सरोज का कहना है कि उन्होंने करीब चार साल शिक्षक भर्ती की तैयारी में लगाए हैं। 99 परसेंटाइल हासिल करने के बावजूद उनका चयन नहीं हो सका। उनका कहना है कि यदि पर्याप्त पद होते तो चयन की संभावना बन सकती थी। अब उनकी मांग है कि सरकार रिक्त पदों को भर्ती में शामिल कर पद बढ़ाए और दूसरी काउंसलिंग कराए।

नरेंद्र राजपूत की भूख हड़ताल जारी

अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत ने 21 अगस्त रात 12 बजे से भूख हड़ताल शुरू की है। शनिवार शाम तक उनके मुताबिक करीब 18 घंटे हो चुके थे। उन्होंने स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टर उपलब्ध कराने की मांग भी की है। नरेंद्र का कहना है कि अभ्यर्थी आंदोलन को उग्र नहीं करना चाहते। वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचा रहे हैं और पदवृद्धि पर निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।

वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाने की मांग

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में कुल 25 हजार पद किए जाने की है। इसके लिए पूर्व स्वीकृत पदों के साथ नए रिक्त पदों को शामिल कर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग की जा रही है। वहीं वर्ग-2 माध्यमिक शिक्षक भर्ती में प्रत्येक विषय में करीब 3 हजार पद बढ़ाने की मांग है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बढ़े हुए पदों के साथ दोबारा काउंसलिंग होने से अधिक योग्य अभ्यर्थियों को चयन का अवसर मिल सकेगा।

नवंबर 2025 से चल रहा आंदोलन

अभ्यर्थियों के अनुसार पदवृद्धि की मांग को लेकर नवंबर 2025 से अलग-अलग चरणों में आंदोलन किए जा रहे हैं। जनवरी से जुलाई के बीच भोपाल में प्रदर्शन, धरना और भूख हड़ताल के साथ अन्य तरीकों से भी विरोध दर्ज कराया गया। अब 21 अगस्त 2026 से नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।