गोहलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने वारदात की फिराक में घूम रहे कुख्यात बदमाश रंजीत उर्फ लाला चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भोला नगर स्थित खेरमाई मंदिर के पास टीनशेड के नीचे खड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी में उसकी कमर से पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय रंजीत शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, अवैध वसूली और मारपीट समेत आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में उप निरीक्षक अंबुज पांडेय, प्रधान आरक्षक प्रमोद राय और आरक्षक हरेंद्र, अभिरंजन, गोपाल, आलोक, जयकिशोर व समरेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।