शिवपुरी, 22 अगस्त । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा तहसील में जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार के निर्देशन एवं बीएसी महेश लोधी के मार्गदर्शन में शनिवार को पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करैरा में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए ‘कक्षा से जुड़ाव’ एवं ‘जॉयफुल लर्निंग’ विषय पर शैक्षिक संवाद आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से कक्षा, पढ़ाई तथा विद्यालय के प्रति उनके जुड़ाव को लेकर संवाद किया गया। साथ ही आनंददायी एवं प्रभावी शिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर बीएसी महेश लोधी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच भावनात्मक एवं शैक्षिक संबंध स्थापित होना आवश्यक है। जब बच्चे शिक्षक के साथ सहज होकर संवाद करते हैं, तो उनकी सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
जन शिक्षा केंद्र प्रभारी बृजेंद्र बैश ने कहा कि शिक्षक का व्यवहार ही कक्षा का वातावरण निर्धारित करता है। सकारात्मक, सहयोगात्मक और भयमुक्त वातावरण में बच्चे अधिक सहजता से सीखते हैं तथा उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है।
शैक्षिक संवाद के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने, कक्षा में सकारात्मक वातावरण बनाने तथा शिक्षण को आनंददायी बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों और तरीकों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में जन शिक्षक मनीराम सेन, मनोज गौतम, पर्वत लोधी, पूरन दुबे, रंजना शर्मा, रेखा गौतम, वर्षा लोधी, सुनील जाटव, दीपक गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।