मॉस्को, 27 अगस्त । रूस ने यूक्रेन को ब्रिटेन से मिले हथियारों के इस्तेमाल को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। रूस ने कहा है कि अगर ब्रिटिश हथियारों का इस्तेमाल रूसी क्षेत्र पर हमलों के लिए जारी रहा तो रूस यूक्रेन के साथ-साथ यूक्रेन के बाहर मौजूद ब्रिटिश सैन्य ठिकानों और उपकरणों को भी निशाना बना सकता है।
रूस की अंतरराष्ट्रीय समाचार टेलीविजन नेटवर्क रशिया टुडे (आरटी)
और तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू
के अनुसार मॉस्को में गुरुवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि रूस पहले भी इस संबंध में चेतावनी दे चुका है। उन्होंने कहा, “रूसी इलाके पर यूक्रेनी हमलों में ब्रिटिश हथियारों के इस्तेमाल के जवाब में यूक्रेन और उसके बाहर मौजूद किसी भी ब्रिटिश सैन्य ठिकाने और उपकरण को निशाना बनाया जा सकता है।”
ज़खारोवा ने यूक्रेन को दी गई स्टॉर्म शैडो लंबी दूरी की क्रूज़ मिसाइलों को रूस के खिलाफ ब्रिटेन की भागीदारी का प्रमुख उदाहरण बताया। उनके मुताबिक, ब्रिटेन ने साल 2023 में इन मिसाइलों की शुरुआती खेप यूक्रेन को दी थी।
रूसी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि ब्रिटेन ने इन मिसाइलों के इस्तेमाल से जुड़े सवालों का जवाब देने से लगातार परहेज किया लेकिन बाद में इनके इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। उन्होंने दावा किया कि इन मिसाइलों का इस्तेमाल ब्रिटेन द्वारा बताए गए शुरुआती दायरे से आगे बढ़ गया है।
ज़खारोवा ने ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री डेविड कैमरन के मई 2024 के बयान का भी जिक्र किया। कैमरन ने उस समय कहा था कि ब्रिटिश हथियारों का इस्तेमाल कैसे और कहां करना है, यह फैसला यूक्रेन को करना है।
रूस ने ब्रिटेन के उस कदम पर भी आपत्ति जताई है, जिसके तहत यूक्रेन को स्कैल्प/स्टॉर्म शैडो मिसाइलों के घरेलू उत्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी और ब्रिटिश निर्मित हिस्सों से जुड़े ब्लूप्रिंट उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
ज़खारोवा ने कहा कि मॉस्को ने ब्रिटिश नेतृत्व की इस योजना पर ध्यान दिया है और दावा किया कि इससे संघर्ष के और गंभीर रूप लेने का खतरा है।
उन्होंने ब्रिटेन की सरकार पर रूस को “रणनीतिक हार” देने की नीति जारी रखने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने ब्रिटिश नागरिकों से अपनी सरकार की रूस-विरोधी नीतियों के संभावित परिणामों पर विचार करने की अपील की।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने भी ब्रिटेन पर यूक्रेन की ओर से युद्ध में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन में मिसाइलों और अन्य सैन्य उपकरणों के उत्पादन से जुड़े ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
पेसकोव के मुताबिक, ऐसे ठिकानों को भविष्य में रूसी हमलों का निशाना बनाया जा सकता है।
वहीं, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भी हाल में चेतावनी दी थी कि मॉस्को यूक्रेन के खिलाफ हमलों में ब्रिटिश मिसाइलों की कथित सीधी भूमिका को युद्ध में ब्रिटेन की भागीदारी मान सकता है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
रूस के इन बयानों के बाद मॉस्को और लंदन के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है। हालांकि, रूस ने ब्रिटिश सैन्य ठिकानों के खिलाफ किसी तत्काल हमले की घोषणा नहीं की है।
————–