चाईबासा में 13 मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 27 अगस्त । जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में आठ मजदूरों के मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से विभिन्न कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में कई फोन चोरी की घटना से संबंधित पाए गए हैं।

इस संबंध में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को सफिकुल शेख ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। सफिकुल शेख मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के भगवानगोला थाना क्षेत्र के रामबाग बांधपूल के रहने वाले हैं और वर्तमान में तोड़ागहातु में रेलवे पेटी कांट्रेक्टर के अधीन मजदूरी कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार 24 अगस्त की रात खाना खाने के बाद सभी मजदूर सो गए थे। 25 अगस्त की तड़के करीब तीन बजे सफिकुल शेख की नींद खुली ताे उन्होंने देखा कि चार्जिंग में लगाए गए आठ मजदूरों के मोबाइल फोन गायब थे। आसपास तलाश करने और अन्य मजदूरों से पूछताछ के बावजूद मोबाइल का पता नहीं चला। इसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को दिए जाने के बाद उनके निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना की जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बड़ा जामदा बस स्टैंड के समीप से विकास प्रसाद नामक युवक को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 स्क्रीन टच और कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने जब इन मोबाइलों का मिलान चोरी गए मोबाइलों से किया तो कई फोन इसी मामले से जुड़े पाए गए। इसके बाद विकास प्रसाद को 26 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपित ने मोबाइल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

छापामारी अभियान में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी पुअनि टिन्कु कुमार दास, पुअनि अभिमन्यु कुमार, पुअनि राजेश कुमार राय, तकनीकी शाखा के पुअनि अभय कुमार सहित जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।