विधानसभा के बाहर पुलिस जवानों के धरने की भ्रामक पोस्ट डालने वाला आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

शिमला, 28 अगस्त । हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर पुलिस जवानों के धरना-प्रदर्शन से जुड़ी एक भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर डालने के मामले में शिमला पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर जिस धरने की जानकारी दी गई थी, ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी।

पुलिस के मुताबिक कर्मचन्द भाटिया ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पुलिस जवानों के विधानसभा के बाहर धरना देने से संबंधित पोस्ट डाली थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि पोस्ट में दी गई जानकारी वास्तविक घटना से जुड़ी नहीं थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह पोस्ट एआई आधारित एप्लीकेशन की मदद से तैयार की थी। इसके बाद उसने इसे अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आज शिमला की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे आरोपी का क्या उद्देश्य था। मामले की जांच अभी जारी है।

शिमला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर सूचना साझा करते समय उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। पुलिस सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के मामलों को गंभीरता से ले रही है। जांच में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।