तातापानी में घर से मोबाइल चोरी का आरोपित गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल और चार्जर बरामद

Spread the love

बलरामपुर, 29 अगस्त । बलरामपुर जिले के तातापानी चौकी पुलिस ने घर में घुसकर मोबाइल और चार्जर चोरी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल और चार्जर बरामद कर लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार को न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम तातापानी निवासी मनदीप कुमार मिंज ने चौकी तातापानी में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 28 अगस्त की रात करीब 8 बजे उसने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था। इसके बाद वह परिवार के साथ सामान खरीदने तातापानी बाजार चला गया।

बाजार से वापस घर पहुंचने पर प्रार्थी ने एक व्यक्ति को घर के अंदर से बाहर निकलते हुए देखा। घर के अंदर जाकर जांच करने पर मोबाइल और चार्जर गायब मिला। इसके बाद उसने मोबाइल और चार्जर चोरी होने की सूचना पुलिस को दी।

रिपोर्ट के आधार पर चौकी तातापानी में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत धारा 305(क), 331(4) बीएनएस का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम बुलगांव निवासी संतोष राम (35) को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित से मोबाइल चोरी के संबंध में जानकारी मिली। उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल और चार्जर बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपित संतोष राम को विधिवत गिरफ्तार कर आज शनिवार को न्यायालय रामानुजगंज के समक्ष पेश किया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।