मन की बात देशवासियों के लिए प्रेरणा का बड़ा माध्यम बना : जयराम ठाकुर

Spread the love

शिमला, 30 अगस्त । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशभर के लोगों को जोड़ने और समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसे लोगों के प्रयासों को पूरे देश के सामने रखते हैं, जिन्हें संभवतः अन्य माध्यमों से वह पहचान नहीं मिल पाती। इससे उन्हें प्रोत्साहन मिलने के साथ समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत की प्रतिभा पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रही है, लेकिन नशा देश की युवा पीढ़ी के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है। हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में भी नशा गांव-गांव और कोने-कोने तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नशे के खिलाफ प्रतिबद्धता स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से निर्णायक रूप से निपट सकता है, उसी तरह सामूहिक प्रयासों से नशे के प्रचलन को भी समाप्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने इतिहास, संस्कृति और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की तथा विभिन्न क्षेत्रों में लोगों द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देश के सामने रखा। ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

जयराम ठाकुर ने जन्माष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश का उल्लेख करते हुए ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने ‘मन की बात’ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा और सीख का बड़ा माध्यम बन चुका है।