राजगढ़, 31 अगस्त ।मध्यप्रदेष के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सोमवार को समय सीमा बैठक में विभागवार योजनाओं, लंबित प्रकरणों और शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में लापरवाही मिलने पर कई अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी पटवारियों और पंचायत सचिवों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य करते हुए कहा कि उपस्थिति दर्ज नहीं करने वालों का वेतन रोका जाए।मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई की सार्थक ऐप पर उपस्थिति नहीं मिलने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। उद्योग विभाग के दोनों निरीक्षकों द्वारा उद्यम क्रांति योजना के प्रकरण समय पर प्रस्तुत नहीं करने पर वेतन रोकने तथा पशुपालन विभाग के उप संचालक द्वारा बैंक में प्रकरण समय पर नहीं भेजने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। जर्जर स्कूल भवनों का होगा दोबारा सत्यापन कलेक्टर ने जर्जर शाला भवनों का पुनः सत्यापन कराने को कहा।
जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले को प्रत्येक जर्जर स्कूल में उपयंत्री के साथ बैठक कर आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए। खिलचीपुर और माचलपुर के उपयंत्रियों द्वारा छात्रावासों का किराया निर्धारण नहीं करने पर एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बिजली बिल नहीं भरे तो कट सकती है सप्लाई ऊर्जा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने शासकीय विभागों के बिजली बिल समय पर जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिलों का भुगतान नहीं होने पर संबंधित सरकारी भवनों की बिजली आपूर्ति काटी जा सकती है।
महिला एवं बाल विकास विभाग को खराब निजी भवनों में चल रही आंगनवाड़ियों को बेहतर भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। सक्षम आंगनवाड़ियों में आरओ, टीवी और बेबी टॉयलेट लगाने तथा जिले की 16 अप्रारंभ आंगनवाड़ियों का काम जल्द शुरू कराने को कहा। पोषण ट्रैकर पर गर्भवती महिलाओं के डेटा का पुनः सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। सुठालिया में खिचड़ी-दलिया वितरण की व्यवस्था पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और रिकॉर्ड कीपिंग व नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, कुरावर की तैयारियां पांच दिन में पूरी करने तथा पूर्व शिविरों की शिकायतों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। खिलचीपुर के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी केके. जाटव को निलंबन हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।