विदिशाः औचक निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिला बंद

Spread the love

विदिशा, 31 अगस्त । मध्य प्रदेश के विदिशा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. रामहित कुमार ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सायर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र बंद पाया गया। निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र के बंद मिलने को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने वहां पदस्थ चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की कार्य के प्रति लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की।

सीएमएचओ ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण संस्थान का समय पर संचालन नहीं होना आमजन को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोगों को उपचार, परामर्श एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में ड्यूटी के निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र का बंद पाया जाना विभागीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया।

सीएमएचओ डॉ. रामहित कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सायर पर पदस्थ सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही संबंधित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

औचक निरीक्षण की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले में भी यह संदेश गया है कि स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन, कर्मचारियों की उपस्थिति और मरीजों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।