बस्तर कमिश्नर ने खुटपदर एवं मारकेल में लिया डिजिटल क्रॉप सर्वे का जायजा

Spread the love

जगदलपुर, 02 सितंबर । कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने आज बुधवार काे बस्तर जिले के तहसील जगदलपुर अंतर्गत ग्राम खुटपदर एवं मारकेल पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का जायजा लिया। उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर बोई गई फसलों का अवलोकन करने के साथ ही मौके पर डिजिटल माध्यम से किए जा रहे फसल सर्वे की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।

कमिश्नर सिंह ने ग्राम खुटपदर में किसान केशव एवं किसान सुकमती सहित अन्य किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में बोई गई धान एवं अन्य फसलों की स्थिति की जानकारी ली तथा राजस्व अधिकारियों एवं मैदानी अमले को डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूरी सजगता और सावधानी के साथ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान खेत के वास्तविक उपयोग और फसल की स्थिति का सही-सही आकलन किया जाए। पड़त क्षेत्र के साथ-साथ मकान, सड़क एवं अन्य उपयोग वाले क्षेत्र के रकबे को भी स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए, ताकि सर्वे का रिकॉर्ड वास्तविक स्थिति के अनुरूप तैयार हो सके। उन्होंने सर्वे के दौरान संबंधित किसानों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे फसल एवं भूमि की स्थिति की सही जानकारी दर्ज की जा सके। कमिश्नर ने मौके पर मौजूद किसानों से चर्चा कर इस वर्ष बोई गई फसलों, बारिश की स्थिति तथा खेती-किसानी से जुड़ी अन्य जानकारी ली। उन्होंने किसानों को अपने खेतों में बोई गई फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे अनिवार्य रूप से करवाने तथा सर्वे के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार राहुल गुप्ता, नायब तहसीलदार लखीराम पाण्डे सहित मैदानी राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं सर्वेयर उपस्थित रहे।