मोबाइल अपडेट होते ही खातों से निकल गए 2.93 लाख

Spread the love

जयपुर, 02 सितंबर । खो नागोरियान थाना इलाके में मोबाइल अपडेट होने के बाद युवक के बैंक खातों से 2 लाख 93 हजार 776 रुपए निकलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि गोविंदपुरा निवासी अशोक कुमार जांगिड़ (42) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार 27 अगस्त की शाम करीब 5 बजे वह मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान अचानक उसका मोबाइल अपडेट होने लगा। कुछ देर तक मोबाइल बंद रहा और अपडेट होने के बाद दोबारा चालू हुआ।

मोबाइल चालू होते ही उसके बैंक खातों से बारी-बारी से रकम निकलने लगी। एचडीएफसी बैंक के दो खातों से एक-एक लाख रुपए और एसबीआई के तीसरे खाते से 93,776 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित के मोबाइल पर रकम कटने के काफी देर बाद बैंक के मैसेज पहुंचे। इसके बाद उसे खातों से साइबर ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।