गैंगस्टर बिश्नोई की लीगल टीम के सहयोगी रहे दो वकील एक अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में

Spread the love

नई दिल्ली, 05 सितंबर । दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लीगल टीम के सहयोगी रहे वकील दीपक खत्री और ऋषभ कपूर को एक अक्टूबर तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ड्यूटी जज प्रशांत कुमार ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

दोनों की आज पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। दिल्ली पुलिस ने दोनों की 27 दिनों की हिरासत की मांग की थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने यूएपीए की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। दोनों पर हथियारों की सप्लाई और रंगदारी से जुड़े आरोप हैं। दोनों आरोपितों को तीन दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया था। आज पेशी के दौरान पुलिस ने कहा कि दोनों के खिलाफ जांच अभी जारी है और इस दौरान आरोपितों को हिरासत में रखना जरूरी है।

दिल्ली पुलिस ने दीपक खत्री को 25 अगस्त को दिल्ली में हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने 26 अगस्त को दीपक खत्री को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था। दिल्ली पुलिस ने ऋषभ कपूर को 2 सितंबर को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपितों से हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को 18 गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।