ड्रिलबुरी परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

Spread the love

कुल्लू, 17 सितंबर । लाहौल-स्पीति के केलांग क्षेत्र में पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान मौसम खराब होने से हुए हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना वीरवार की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ड्रिलबुरी परिक्रमा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे रास्तों पर फिसलन बढ़ गई। फिसलन के कारण कुछ श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो महिला श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना के लिए प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि खराब मौसम के बीच आयोजित इस कठिन धार्मिक यात्रा के दौरान प्रशासन और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए थे।