खेलों को अपने जीवन का अंग बनाकर नशे से दूर रहें विद्यार्थी : केवल सिंह पठानिया

Spread the love

धर्मशाला, 17 सितंबर । विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थी खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें। यह उद्गार उन्होंने वीरवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र, छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह के दौरान व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि खेलों का हमारे शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहता है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है और शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए खेल गतिविधियों से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विकास के सभी मानकों पर सर्वोच्च स्तर पर स्थापित करना वर्तमान प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।

जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में कलियाडा में जिले के 15 जोनों के लगभग 610 प्रतिभागी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ाया गया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में हिमाचल प्रदेश की चार महिला कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा, भावना, ज्योति और रितु भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इनमें पुष्पा को भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान चुना गया है।

केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल परिसर में एक हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कल्याडा में जल्द ही लगभग 80 लाख रुपये की लागत से ओबीसी भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अपनी ओर से 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।