अररिया 29 सितम्बर। जोगबनी–कटिहार रेलखंड में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के परिचालन तथा लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर फारबिसगंज सिविल सोसाइटी एवं बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन की ओर से कटिहार मंडल रेल प्रबंधक को विस्तृत मांगपत्र सौंपा गया। इस दौरान फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के प्रशासनिक सचिव राकेश रौशन, बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव चंदन भगत, सुशील घोषाल एवं रंजीत कुमार झा ने डीआरएम से मुलाकात कर सीमांचल क्षेत्र की रेल समस्याओं एवं यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
सौंपे गये मांगपत्र में बताया गया है कि जोगबनी–कटिहार रेलखंड भारत-नेपाल सीमा सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रेल मार्ग है, लेकिन यात्री सुविधाओं एवं ट्रेनों की संख्या के मामले में क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप अभी भी कई सुधार आवश्यक हैं।सिविल सोसाइटी ने मांग की कि जोगबनी से मालदा टाउन के बीच कम से कम दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि मालदा से डिब्रूगढ़, गुवाहाटी, न्यू जलपाईगुड़ी सहित विभिन्न दिशाओं में आने-जाने वाली ट्रेनों का बेहतर कनेक्शन यात्रियों को मिल सके।इसके साथ ही जोगबनी से सिलीगुड़ी के बीच अररिया–ठाकुरगंज रेल लाइन होकर दो जोड़ी ट्रेनें चलाने की मांग की गई। मांगपत्र में कहा गया कि इस रेल लाइन का पूरा लाभ नेपाल सहित सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों को अभी नहीं मिल पा रहा है।
वहीं गुवाहाटी से दरभंगा के बीच ठाकुरगंज–फारबिसगंज–झंझारपुर होकर त्रिसाप्ताहिक ट्रेन चलाने तथा जोगबनी–कोलकाता 13159/13160 चितपुर एक्सप्रेस को त्रिसाप्ताहिक के स्थान पर प्रतिदिन चलाने की मांग भी रखी गई। जोगबनी में निर्माणाधीन वाशिंग पिट लाइन का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग करते हुए कहा गया कि भविष्य में जोगबनी से नई ट्रेनों का परिचालन सुनिश्चित करने के लिए एक अतिरिक्त पिट लाइन का भी निर्माण कराया जाना आवश्यक है।
फारबिसगंज स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 को यात्री ट्रेनों के आवागमन के लिए उपयोग में लाने, स्टेशन पर रिटायरिंग रूम का निर्माण कराने तथा स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रवेश द्वार पर अतिक्रमण के कारण यात्रियों एवं वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है।इसके अलावा दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान सीमांचल क्षेत्र में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग भी की गई, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम से आग्रह किया कि इन सभी मांगों पर यात्री हित में गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव भेजे जाएं तथा जिन कार्यों का समाधान मंडल स्तर पर संभव है, उन पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि कटिहार मंडल रेल प्रशासन सीमांचल क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल सेवाओं में सुधार की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा।