दरभंगा, 29 सितंबर । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के आंतरिक क्रीड़ा-सभागार में समारोह आयोजित कर नवनिर्मित व्याख्यान कक्ष का उद्घाटन किया गया।
कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने उद्घाटनकर्ता सह मुख्य अतिथि के रूप में व्याख्यान कक्ष का उद्घाटन किया तथा सत्र 2026-27 से शुरू होने वाले खेल प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम्, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन से हुई। निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने अतिथियों को पाग, चादर एवं मिथिला पेंटिंग भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय कुलपति की स्वप्न-परियोजना का साकार रूप है।
शिक्षा संकायाध्यक्ष प्रो. शशि भूषण रॉय ने कहा कि शारीरिक शिक्षा संपूर्ण शिक्षा की आत्मा है। डॉ. पुनीता झा ने खेल और संस्कृति को एक-दूसरे का पूरक बताया। प्रो. ध्रुव कुमार ने कहा कि निदेशालय ग्रामीण एवं वंचित पृष्ठभूमि की प्रतिभाओं, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने का मंच देगा। प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने खेल और विज्ञान के समन्वय को आवश्यक बताया।
कुलपति प्रो. चौधरी ने खिलाड़ियों को अनुशासन, परिश्रम एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निदेशालय से तैयार खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक मिथिलांचल और बिहार का गौरव बढ़ाएंगे। बीपीएड एवं एमपीएड पाठ्यक्रम के लिए एनसीटीई में आवेदन प्रक्रिया चल रही है। संचालन डॉ. प्रियंका राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. विजय कुमार यादव ने किया।