विश्व हृदय दिवस पर सीपीआर ड्रिल, आपात स्थिति में त्वरित मदद का संदेश

Spread the love

अजमेर, 29 सितंबर । विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मंगलवार को मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की लॉबी में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) ड्रिल आयोजित की गई। इसमें हृदयाघात अथवा अचानक कार्डियक इमरजेंसी की स्थिति में तत्काल प्राथमिक सहायता देने और समय पर चिकित्सकीय मदद लेने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

ड्रिल के दौरान काउंसलर अनुज माथुर ने एक व्यक्ति के अचानक गिरने की स्थिति का प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई और चिकित्सकीय टीम को बुलाने के लिए कोड ब्ल्यू अनाउंस कराया गया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर सीपीआर सहित अन्य आवश्यक आपात प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया।

मित्तल हॉस्पिटल के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. विवेक माथुर ने कहा कि हृदय संबंधी आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में तत्काल प्रतिक्रिया और समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलने से मरीज की जान बचाने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित खानपान और वजन नियंत्रण पर ध्यान देना चाहिए। धूम्रपान और तंबाकू से दूरी के साथ पर्याप्त नींद तथा तनाव को नियंत्रित रखना भी जरूरी है। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल या मोटापे की समस्या वाले लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई।

सीपीआर ड्रिल का संयोजन मैनेजर क्वालिटी कविता लालवानी के मार्गदर्शन में डॉ. उमेश नागपाल, आईसीयू नर्सिंग इंचार्ज मनोज शर्मा, फैज अहमद और पंकज चतुर्वेदी की टीम ने किया।

हॉस्पिटल के सीईओ एस.के. जैन ने बताया कि विश्व हृदय दिवस के अवसर पर कर्मचारियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। शाम को मित्तल मॉल में भी सीपीआर ड्रिल आयोजित की गई।