रुड़की: केएलडीएवी कॉलेज छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई अध्यक्ष व एबीवीपी महामंत्री पद पर विजयी

Spread the love

हरिद्वार, 29 सितंबर । कन्हैया लाल डीएवी पीजी कॉलेज रुड़की में मंगलवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई का दबदबा रहा। अध्यक्ष समेत छह में से चार पदों पर एनएसयूआई प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि एबीवीपी को महासचिव सहित दो पदों से संतोष करना पड़ा।

अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला रहा। एनएसयूआई के आर्यन चौधरी ने एबीवीपी के देवराज को 52 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के मयंक तथा संयुक्त सचिव पद पर खुशी धीमान विजयी रहीं, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर अंजलि शर्मा पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी थीं।

दूसरी ओर एबीवीपी ने महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जीत दर्ज की। महासचिव पद पर एबीवीपी के यश पंवार ने एनएसयूआई के मोहम्मद शाहनवीर को 57 वोटों से हराया, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निधि पाल ने जीत दर्ज की।

कॉलेज में कुल 831 मतदाता थे, जिनमें से मात्र 335 ने मतदान किया। इनमें 148 छात्र और 187 छात्राएं शामिल रहीं, एक मतदाता ने नोटा का विकल्प चुना। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत कम रहा।

मतगणना पूरी होने के बाद प्राचार्य डॉ. एमपी सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और कॉलेज के विकास व छात्रहित में निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।