तेतुलिया जमीन घोटाले के आरोपित शैलेश सिंह ने जमानत याचिका ली वापस

Spread the love

रांची, 30 सितंबर । तेतुलिया जमीन घोटाले के आरोपित शैलेश कुमार सिंह ने बुधवार को झारखंड उच्च न्यायालय में दाखिल नियमित जमानत याचिका वापस ले ली। निचली अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के बाद शैलेश सिंह ने उच्च न्यायालय का रुख किया था।

तेतुलिया जमीन घोटाले में सीआईडी ने शैलेश सिंह को आठ जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। निचली अदालत में जमानत नहीं मिलने के बाद उसने उच्च न्यायालय में नियमित जमानत याचिका दाखिल की थी। याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा गया था।

अदालत ने राज्य सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित करने का निर्देश दिया था। बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान शैलेश सिंह की ओर से जमानत याचिका वापस लेने की जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि तेतुलिया वनभूमि घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी कर रहा है। ईडी ने जांच के बाद शैलेश सिंह समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ अभियोजन पक्ष की शिकायत (प्रोक्यूशन कंप्लेन) दायर किया है। जांच एजेंसी ने शैलेश सिंह को मामले का कथित किंगपिन बताया है।———–