नेपाल में भारत के आर्थिक सहयोग से बने विद्यालय भवन का मुख्यमंत्री कार्की ने किया उद्घाटन

Spread the love

काठमांडू, 07 अक्टूबर । नेपाल के मोरंग जिले की सुन्दरहरैँचा नगरपालिका स्थित पंचायती माध्यमिक विद्यालय का नया भवन भारत सरकार ने निर्माण कराया है। इस भवन का उद्घाटन कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री हिक्मत कार्की, नेपाल स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव नारायण सिंह और सुन्दरहरैँचा नगरपालिका के मेयर केदार प्रसाद गुरागाईं ने संयुक्त रूप से किया।

भारतीय दूतावास के अनुसार विद्यालय भवन का निर्माण उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना के तहत किया गया है। दूतावास के अनुसार उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना शुरू होने के बाद से भारत सरकार ने नेपाल के सभी सातों प्रदेशों और 74 जिलों को शामिल करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कुल 605 परियोजनाएं संचालित की हैं। इनमें से 103 परियोजनाएं कोशी प्रदेश में हैं, जबकि अकेले मोरंग जिले में 17 परियोजनाएं संचालित हो रही हैं।

भारत ने कोशी प्रदेश को 150 एम्बुलेंस और 62 स्कूल बसें भी उपलब्ध कराई हैं। इनमें मोरंग जिले को 21 एम्बुलेंस और 17 स्कूल बसें मिली हैं।भारतीय दूतावास के अनुसार उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना का उद्देश्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास करने के साथ-साथ विकास और समृद्धि को बढ़ावा देना है।

कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्की ने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्मित नए बुनियादी ढांचे से मोरंग की सुन्दरहरैँचा नगरपालिका के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सीखने का वातावरण बेहतर होगा।