बिजनौर, 8 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई ने फेरबदल करते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। एसपी के.के. बिश्नोई के पीआरओ रहे धीरज सोलंकी को धामपुर थाने की कमान सौंपी है। वहीं मारपीट से संबंधित वीडियो वायरल होने के मामले में रविंद्र प्रताप और जैतरा चौकी प्रभारी पवन कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद धामपुर थाने में नई जिम्मेदारी के साथ धीरज सोलंकी की तैनाती की गई है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारी के तहत वह थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर देंगे।
इसी क्रम में एसपी के.के. बिश्नोई के पीआरओ पद पर पुष्कर मेहरा को नई जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार के तौर पर देखा जा रहा है।
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद की गई कार्रवाई से पुलिस विभाग में भी हलचल रही। एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता सामने आने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विभागीय स्तर पर हुए इस बदलाव के बाद अब धामपुर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर विशेष नजर रहेगी।